पकड़ा गया मानव तस्कर, कहा- विधानसभा में भी बैठता हूं, कई नेता से हैं संपर्क

रांची. मानव तस्कर वामदेव को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। जगन्नाथपुर और खूंटी थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से छापेमारी कर बाबा वामदेव को खूंटी से पकड़ा। पूछताछ के बाद रविवार को उसे लातेहार पुलिस के हवाले कर दिया गया। वह लातेहार के महुआडांड़ थाना की कांड संख्या 3: 13 में नामजद है। उसके खिलाफ 26 फरवरी 2013 को मानव तस्करी के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई थी। जगन्नाथपुर थाना प्रभारी के अनुसार शनिवार की रात ही उसे पकड़ लिया गया था।
ऐसे पकड़ा गया बाबा वामदेव
पुलिस ने जब पहले वामदेव को पकड़ा था, तब कई हाईप्रोफाइल की बातें कर पुलिस को उसने चकमा दे दिया था। इस क्रम में पुलिस ने उसका मोबाइल नंबर रख लिया। मोबाइल के टावर लोकेशन के आधार पर शनिवार देर रात उसे खूंटी में दबोच लिया गया।
रांची और दिल्ली में चलाता है प्लेसमेंट एजेंसी 
एंटी ट्रैफिकिंग स्क्वायड अधिकारी अराधना सिंह ने बताया कि दिल्ली के पंजाबी बाग इलाके में वामदेव क्रिसमस के मौके पर समारोह का आयोजन करता रहा है। कार्यक्रम में दिल्ली की तत्कालीन मुख्यमंत्री को भी उसने आमंत्रित किया था। झारखंड के भी कई राजनेताओं के साथ नजदीकी संबंध होने का उसने दावा किया है। उसने पुलिस से कहा कि वह एक विधायक के साथ विधानसभा में भी बैठा है। उस विधायक का संरक्षण उसे प्राप्त है। वह रांची और दिल्ली में प्लेसमेंट एजेंसी चलाता है।
सीआईडी भी खोज रही थी
सीआईडी को भी वामदेव की तलाश थी। उसके खिलाफ दिल्ली के मोतीनगर थाना में भी नामजद मामला दर्ज है। दिल्ली में वामदेव के खिलाफ चार मामले दर्ज हैं। इसमें एक मामला में वह बरी हो चुका है। तीन अन्य मामले में उसकी तलाश थी। उसपर दुष्कर्म के बाद हत्या का मामला है।
दो युवतियां भी हिरासत में
वामदेव के साथ पुलिस ने दो युवतियों को भी हिरासत में लिया है। दोनों को महिला थाना में रखा गया है। पुलिस ने पहले उस युवती को हिरासत में लिया है, जिसके साथ गत रात वामदेव मोटरसाइकिल से खूंटी जा रहा था। उसी युवती ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कराया है।