चाइल्ड हेल्पलाइन की पहल,10 साल बाद घर लौटेगी फागुरी

रांची : मिसिंग चाइल्ड हेल्पलाइन की पहल फागुरी बिरुआ 10 वर्ष बाद अपने घर लौटेगी। हेल्पलाइन के जरिये जमशेदपुर की समृधि संस्था के अनिल कुमार ने फागुरी और उसके घर के बारे में जानकारी जुटायी और अब उसे वापस लाने का प्रयास किया जायेगा। दरअसल, आइजी अनुराग गुप्ता को महिला विकास मंडल की अरुणाबेन ने सूचना दी थी कि अहमदाबाद के अमरेली जिला में झारखंड की एक युवती है, जिसके परिवार के बारें में कोई जानकारी नहीं है। वह गुजरात पुलिस को घूमती पायी गयी थी, जिसके बाद उसे महिला गृह में भेज दिया गया था। उन्होंने उसे झारखंड वापस भेजने का निवेदन आइजी से किया था। यह जानकारी दीया सेवा संस्थान को दी गयी, जिसके बाद अनिल कुमार ने फागुरी के बारे में पता लगाया।

फागुरी जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र के सलगाजोडी गांव की रहनेवाली है। उसे दस वर्ष पूर्व ही यहां से कोई ले गया था। फागुरी की एक बेटी प्रिया मुंडा, जमशेदपुर में अपने मामा के साथ रहती है और नौकरानी का काम करती है। आर्थिक रुप से गरीब परिवार की फागुरी ने दूसरी शादी की थी। फागुरी की उसकी नानी से बात करवा दी गयी है।